Spread the love

महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि की विशेष तैयारी, महालोक मार्ग से होगा प्रवेश, पूरी प्लानिंग जारी

 

 04  Feb 2026 

 

विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष दर्शन व्यवस्था लागू की जाएगी। इस बार दर्शन की व्यवस्था नए साल की तर्ज पर की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन मिल सकें। बुधवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दर्शन व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विस्तृत योजना को अंतिम रूप दिया गया।

 

बैठक में तय किया गया कि महाशिवरात्रि के दिन महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए विशेष प्रबंध रहेंगे। महापर्व पर सामान्य दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का प्रवेश श्री महाकाल महालोक से कराया जाएगा। वहीं शीघ्र दर्शन टिकट लेने वाले श्रद्धालुओं के लिए पहले की तरह दो अलग-अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र में व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।

 

दर्शन व्यवस्था के तहत सामान्य दर्शनार्थियों को कर्कराज पार्किंग, भील समाज की धर्मशाला, गौंड बस्ती, चारधाम मंदिर पार्किंग, शक्तिपथ और त्रिवेणी संग्रहालय द्वार से होते हुए श्री महाकाल महालोक में प्रवेश कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालु गणेश मंडपम और कार्तिकेय मंडपम के रास्ते भगवान महाकाल के दर्शन कर सकेंगे।

 

250 रुपये के शीघ्र दर्शन टिकट लेने वाले श्रद्धालुओं के लिए भील समाज धर्मशाला से अलग कतार बनाई जाएगी। यह श्रद्धालु चारधाम मंदिर के सामने से होकर अशोक सेतु के माध्यम से मंदिर में प्रवेश करेंगे। इसके अलावा शीघ्र दर्शन टिकट धारकों के लिए एक अन्य प्रवेश द्वार बड़े गणेश मंदिर के सामने निर्धारित किया गया है। शहर की ओर से आने वाले श्रद्धालु हरसिद्धि की पाल होते हुए बड़े गणेश मंदिर की गली से मंदिर परिसर में प्रवेश कर सकेंगे।

 

महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रोटोकॉल दर्शन की भी अलग व्यवस्था रहेगी। अतिविशिष्ट, विशिष्ट एवं विशेष पासधारी दर्शनार्थियों का प्रवेश बेगमबाग स्थित नीलकंठ द्वार से कराया जाएगा, जिससे उनकी आवाजाही सुचारु रूप से हो सके।

 

पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने अलग-अलग प्रबंध किए हैं। सामान्य दर्शन करने वाले श्रद्धालु मेघदूत पार्किंग और कर्कराज पार्किंग में अपने वाहन पार्क कर सकेंगे। वहीं शीघ्र दर्शन टिकट वाले श्रद्धालुओं के लिए कार्तिक मेला ग्राउंड, राणोजी की छत्री, शगुन गार्डन और महाकाल मंडपम् क्षेत्र में तात्कालिक व्यवस्था के अनुसार पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

 

 

 

 


कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों के साथ जलप्रदाय व्यवस्था सम्बन्धी बैठक लेकर दिये आवश्यक निर्देश

उज्जैन : 04 Nov, 2024,

उज्जैन 22 अक्टूबर। बैठक में कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने जनप्रतिनिधियों के साथ जलप्रदाय व्यवस्था सम्बन्धी बैठक लेकर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने शहर की जलप्रदाय व्यवस्था तथा आने वाले सिंहस्थ-2028 में पेयजल प्रदाय सम्बन्धी व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श कर सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समय-समय पर जलप्रदाय व्यवस्था से सम्बन्धित कार्यों को गंभीरता से लिया जाकर समय-समय पर जनप्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श कर जानकारी से अवगत कराया जाये। पानी का अपव्यय न हो। बैठक में विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती जयति सिंह, सहायक कलेक्टर श्री गगन सिंह मीणा, नगर निगम आयुक्त श्री आशीष पाठक, जल निगम के महाप्रबंधक श्री घनश्याम उपाध्याय आदि उपस्थित थे। बैठक में जल निगम के महाप्रबंधक श्री उपाध्याय ने पॉवर पाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से जल निगम की प्रगतिरत नर्मदा गंभीर समूह जल प्रदाय योजना  की जानकारी से अवगत कराया। साथ ही योजना के लिए NVDA से आवंटित जल मात्रा एवं गंभीर डेम से उक्त योजना की किस प्रकार कनेक्टिविटी है, इस सम्बन्ध में विस्तृत रूप से जनप्रतिनिधियों एवं कलेक्टर को अवगत कराया गया कि ग्रामीण समूह योजना हेतु नर्मदा शिप्रा बहुउद्देशीय परियोजना से आवश्यक 44.77 Mcm पानी का शासन स्तर से आवंटन हो चुका है। अतः गंभीर के भंडारण से समूह योजना हेतु पेयजल की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि प्रारंभिक वर्षों में गंभीर के भंडारण में मांग अनुसार जल उपलब्ध किया जा सकेगा। बैठक में श्री उपाध्याय ने सिंहस्थ-2028 मेला क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था एवं गंदे पानी के निष्पादन के प्रस्तावों से अवगत कराया। बताया गया कि सिंहस्थ 2028 में लगभग 150 MLD शोधित जल की आवश्यकता होगी। वर्तमान शहर की व्यवस्था से मेले में व्यवस्था किया जाना संभव नहीं है, अतः नवीन जलशोधन संयत्र का निर्माण किया जाना होगा। इस हेतु रॉ वॉटर की व्यवस्था भी Nvda की नर्मदा गंभीर परियोजना से प्रस्तावित किया गया है।


10वा अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस आज मनाया जायेगा

उज्जैन 24 जून।
10वा अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस आज शुक्रवार 21 जून को मनाया जायेगा। सामूहिक योग दिवस कार्यक्रम राजाभाऊ महाकाल स्टेडियम दशहरा मैदान पर आयोजित होगा। सामूहिक योग कार्यक्रम का पल-प्रतिपल समय निम्नानुसार रहेगा- योग दिवस पर सहभागी की उपस्थिति प्रात: 6 बजे से पूर्व, अतिथिगण का आगमन 6 बजे, अतिथिगण का उद्बोधन 6.02 बजे, मुख्य कार्यक्रम के अतिथियों के उद्बोधन का सीधा प्रसारण 6.10 बजे, सामान्य योगाभ्यास 7 से 7.45 बजे तक होगा और अन्त में आभार एवं कार्यक्रम का समापन प्रात: 7.50 बजे किया जायेगा। दसवा अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को शिक्षण संस्थाओं के छात्रों आदि रहेंगे। सामूहिक योग कार्यक्रम में भारत सरकार द्वारा निर्धारित क्रम एवं प्रोटोकाल अनुसार एकसाथ योगाभ्यास करेंगे।

जिला आयुष अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आयुष औषधालयों, हेल्थ वेलनेस सेन्टरों, आयुष ग्रामों एवं स्थानीय स्तर पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी योग दिवस मनाया जायेगा। इससे ग्रामीणजनों को योग एवं मेडिटेशन के बारे में जानकारियां प्राप्त होंगी। स्थानीय जिला आयुष विभाग की समस्त इकाईयां दशहरा मैदान में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेद महाविद्यालय, शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राएं और कार्यरत समस्त सेवक विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में गणमान्य अतिथि एवं अधिकारी भी शामिल होंगे। इन्हें सामूहिक योग कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिये आमंत्रण-पत्र दिये गये हैं। जिला आयुष विभाग द्वारा 14 जून से काउंट डाउन कार्यक्रम से प्रारम्भ होकर योग दिवस प्रतिदिन नियमित रूप से ग्रामीण औषधालयों में सतत रूप से प्रारम्भ किया गया है। शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेद महाविद्यालय, संभागीय आयुष कार्यालय तथा जिला आयुष कार्यालय में आमजनों से अपील की है कि वे 21 जून को दसवे अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित रहकर योगाभ्यास में भाग लें एवं योग से होने वाले लाभों के बारे में जानकारी हासिल करें।


मई 16, 2024

इलेक्ट्रॉनिक दुकान में लगी आग, पांच फायर ब्रिगेड से भी नहीं बुझ पाई

उज्जैन में बुधवार शाम लगभग पांच से 5:15 बजे के बीच तीन बत्ती चौराहा स्थित टिल्लू इलेक्ट्रॉनिक्स की तीन मंजिला दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इस आगजनी के कारण दुकान की ऊपरी दो मंजिलों में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान में आग पकड़ ली, जिसके कारण भीषण आग कुछ ऐसी फैली की यहां खड़े लोग सहम गए। आगजनी की जानकारी लगते ही तुरंत माधवनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जिन्होंने क्षेत्र की लाइट बंद करवाई और फायर फाइटर के माध्यम से आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

आगजनी की जानकारी देते हुए एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि तीन बत्ती चौराहा प्रकाश नगर स्थित टिल्लू इलेक्ट्रॉनिक्स की तीन मंजिला दुकान (दुकान संचालक-संजय खंडेलवाल) की ऊपरी दो मंजिलों में शॉर्ट सर्किट के कारण आगजनी की घटना घटित हुई है। यह आगजनी की घटना इतनी भयावह थी कि लगभग आधे घंटे तक दोनों ही मंजिलों पर सिर्फ आग ही आग दिखाई दी। एसपी शर्मा ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक की दुकान की ऊपरी दोनों मंजिलों में दुकान से संबंधित सामान ही भरा हुआ था।

इलेक्ट्रॉनिक दुकान में लगी आग के कारण स्थिति कुछ ऐसी हो गई थी कि टावर चौक हो या इंदौर रोड या अन्य कोई क्षेत्र चारों ओर सिर्फ काले धुएं का गुबार ही दिखाई दे रहा था। शाम छह बजे ऐसा लगने लगा था, मानो जैसे की रात ढल चुकी हो। इलेक्ट्रॉनिक दुकान की दो मंजिलों में लगी आग के कारण पुलिस ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र की लाइट बंद करवा दी थी, जिसके चलते कई घंटे तक लाइट नहीं आई। आग की घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में शहरवासी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। जो की इस भीषण आग के वीडियो बनाते हुए भी दिखाई दिए।


उज्जैन की युवा चित्रकार चित्रांगदा ने कील पर बनाई महावीर की पेंटिंग

अप्रैल 25, 2024

उज्जैन की युवा चित्रकार चित्रांगदा ने 5 मिमी की कील पर अपनी कलाकारी का नमूना दिखाया है। उसने इस कील पर महावीर की पेंटिंग बनाई है। यह अपने आप में अनूठी है।

शहर की युवा चित्रकार चित्रांगदा जैन ने महावीर जयंती के अवसर पर भगवान महावीर की सबसे छोटी प्रतिमा को एक छोटी-सी 5mm की कील पर 15 मिनट में चित्रित कर दिखाया है। हाल ही में अमेरिका से आई उज्जैन में रहने वाली चित्रांगदा जैन डॉ अभिषेक सिंह तोमर के सानिध्य में शिक्षा प्राप्त कर रही है। चित्रांगदा ने पारंपरिक और रचनात्मक शैलियों के अपने अनूठे मिश्रण से कला जगत में अपने लिए एक जगह बनाई है।

चित्रांगदा के मन में बचपन से ही कला के प्रति गहरा जुनून रहा है। उनकी पसंद के माध्यमों में ऑयल, एक्रेलिक और जल रंग शामिल हैं, जिसके माध्यम से वह अपनी रचनात्मकता को स्पष्ट रूप से व्यक्त करती हैं। कला में उनकी यात्रा को न केवल देश की सर्वश्रेष्ठ आर्ट गैलरियों जवाहर कला केंद्र जयपुर, ऑल इंडिया फाइन आर्ट एंड क्राफ्ट सोसायटी (AIFACS) दिल्ली, द ताज मुंबई, कोलकाता, इंदौर और कालिदास अकादमी उज्जैन जैसे शहरों में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों की जानी-मानी आर्ट गैलरी में कला को प्रदर्शनियों द्वारा प्रदर्शित किया गया है। कालिदास जी द्वारा रचित रघुवंशम, कुमार संभवम् और ऋतुसंहरम को भी कलाकार चित्रांगदा जैन ने अपनी कला के माध्यम से बहुत ही ख़ूबसूरती से दर्शाया है। कलाकार चित्रांगदा को उनके समर्पण और गहन रचनात्मक प्रक्रिया के लिए जाना जाता है, वे अक्सर प्रेरित होने पर कई दिनों तक अथक परिश्रम करती हैं और अपने दृष्टिकोण को कैनवास और कागज पर जीवंत करती हैं। उनके काम केवल दृश्य व्यवहार से कहीं अधिक हैं वे ऐसी कथाएँ हैं जो दर्शकों को गहराई तक जाने और जीवन भर उनके अर्थों का पता लगाने के लिए आमंत्रित करती हैं।

विदेश मंत्री जयशंकर प्रसाद भी कर चुके हैं सराहना
दिल्ली में आयोजित विकसित भारत एम्बेसडर आर्टिस्ट वर्कशॉप में कलाकार चित्रांगदा जैन ने अपनी कला के माध्यम से विकसित भारत को दर्शाया था। वर्कशॉप में आए हज़ारों कलाकार के बीच चित्रांगदा जैन का विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर प्रसाद ने प्रोत्साहन बढ़ाया था। चित्रांगदा जैन ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के साथ 8 गुना 12 फीट की पेंटिंग 10 मिनट में बनाकर उनसे सराहना प्राप्त की है।

लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता की आजादी को ध्यान में रख कर ही हमने पत्रकारिता की शुरुआत की है. वर्तमान परिवेश की परिश्थितियों को समझते हुये क्रांति के इस युग में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया समाज में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन कर समाज को एक नई दिशा मुहैया करा रहा है

सम्पादक मंडल

Address: Harihar Bhavan Nowgong Dist. Chatarpur Madhya Pradesh ,

Mobile No.  : 98931-96874

Email : santoshgangele92@gmail.com ,

Web : www.ganeshshankarsamacharsewa-in.preview-domain.com

Web : www.gsssnews.in

© 2025 Ganesh Shankar News,  Website Design & Develop by  e-Suvidha Technologies